उत्तरकाशी: इटली के एक युवा जोड़े ने उत्तराखंड आकर वैदिक परंपराओं से विवाह किया। उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी ब्लॉक के गणेशपुर स्थित आश्रम में हुए इस शादी समारोह में दक्षिण भारत और गढ़वाल की समृद्ध संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।
शादी समारोह दक्षिण भारत के पुजारियों ने उत्तराखंड के रीति रिवाज अपनाते हुए संपन कराया, उत्तराखंड की खूबियों से आकर्षित इटली की स्टेफानो पिपिताने और जूलिया कंग्लारियो ने यहां शादी करने का निर्णय लिया।
गणेशपुर स्थित योग विद्या गुरुकुल आश्रम के स्वामी आनंद चेतन सरस्वती के इन शिष्यों ने मां गंगा के तट पर अपने दांपत्य जीवन का शुभारंभ किया। तीन दिनों तक चले इस समारोह के पहले दिन वर-वधू के साथ उनके माता पिता व अन्य सगे संबंधियों ने गंगोत्री धाम में दर्शन किए। बृहस्पतिवार शाम को गढ़वाली परंपराओं के तहत मंगल स्नान, मेहंदी व महिला संगीत का कार्यक्रम हुआ।
ढोल दमाऊं के बीच रातभर सभी लोगों ने रासौं तांदी आदि नृत्य किया। शुक्रवार सुबह वर पक्ष के लोग बारात लेकर विवाह स्थल पर पहुंचे, जहां वधू पक्ष के लोगों ने बारातियों का पारंपरिक गढ़वाली टोपी पहनाकर स्वागत किया। समारोह के अंत में वर-वधू ने काशी विश्वनाथ मंदिर में जाकर सुखी जीवन की कामना की। ')}