2 नवबंर, 2017 को जम्मू-कश्मीर के पांपोर से सटे संबूरा में आतंकियों से मुठभेड़ में कर्णप्रयाग के फलोटा गांव का जवान शहीद हो गया था, मात्र 25 वर्षीय जवान सूरज सिंह तोपाल के पिता नारायण सिंह तोपाल भी देश की सेना में थे। जवान आतंकियों से लोहा लेते दुश्मन की गोली का शिकार हो गए थे, लेकिन शहादत से पहले उन्होंने दुश्मनों को भी मौत के घाट उतारा था।
करीब चार महीने बाद सूरज सिंह तोपाल की मां बिमला देवी को उत्तराखंड राज्य सरकार ने 10 लाख रु का चेक दिया है। बीते शनिवार राज्य सरकार की ओर से जिला सैनिक एवं पुर्नवास कल्याण अधिकारी एन के डबराल ने शहीद सूरज सिंह तोपाल की मां को उनके पैतृक गांव फलोटा जाकर चेक भेंट किया। उनके गांव फलोटा में उनके माता-पिता और छोटी बहिन रहती हैं जबकि तीन बड़ी बहिनों की शादी हो चुकी है।
आपको एक और बात बताते चलें कि सूरज सिंह तोपाल 20 सितंबर 2012 को सेना की मैकनाइज इन्फेन्ट्री में भर्ती हुए थे। वे 50 राष्ट्रीय राईफल में सेवारत थे। वीर जवान की सहादत पर पूरा देश रोया था, वो अविवाहित थे, इसीलिए सरकार से प्राप्त अनुग्रह अनुदान राशि उनकी माता को भेंट की गयी। इस वीर जवान की सहादत को उत्तराखंड हमेशा याद रखेगा। अगर हम आज घर में आराम से बैठकर चैंन की नींद सो पा रहे हैं, तो वो देश के जवानों की वजह से ही हैं, उन्हें याद करना और उनके परिवार के प्रति संवेदना रखना भी हमारा फर्ज होना चाहिए। ')}